धमतरी जिले में अज्ञात शख्स ने चाकू से किया हमला: 2 लोगो की मौत 1 घायल
धमतरी जिले में अज्ञात शख्स ने चाकू से किया हमला: 2 लोगो की मौत 1 घायल

धमतरी जिले के ग्राम भैंसबोड़ में डीजे बंद करने को लेकर हुए विवाद में 2 लोगों की हत्या हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तीनों पर अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया है। फिलहाल आरोपी का पता नहीं चल पाया है। मामला कुरूद थानांतर्गत बिरेझर चौकी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार 21 अप्रैल को ग्राम भैंसबोड़ में तिल्दा नेवरा के ग्राम छतौद से बारात आई हुई थी।
यहां ध्रुव परिवार में बेटे की शादी थी। यहां डीजे पर बाराती-घराती सभी नाच रहे थे, तभी एक अज्ञात शख्स वहां आया और डीजे बंद करने को लेकर कहने लगा। इसी बात को लेकर वहां झगड़ा शुरू हो गया। अज्ञात आरोपी ने नाच रहे 3 युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिसमें बाराती राकेश कुमार ध्रुव (21) और घराती रवि कुमार तारक की मौके पर मौत हो गई। एक और बाराती गंभीर रूप से घायल है, जिसका नाम नहीं पता चल सका है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अज्ञात व्यक्ति को न तो बाराती पहचान पा रहे हैं और न घराती। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
