धमतरी में बीते 5 दिन के अंदर चोरी की 3 वारदातें
धमतरी में बीते 5 दिन के अंदर चोरी की 3 वारदातें

धमतरी/ शहर में लगातार सूने मकानों में एक-एक कर चोरी हो रही है। बीते 5 दिन के अंदर चोरी की 3 वारदातें शहर में हुईं। शुक्रवार को ब्राह्मणपारा वार्ड में बम्लेश्वरी मंदिर के पीछे रहने वाले सोहेल मलिक के सूने घर में सवा लाख की चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर में छत के रास्ते कुंडी तोड़कर चोरी की। लगातार चोरी होने से शहरवासी परेशान हैं और अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रिहायशी इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटना से पुलिस पेट्रोलिंग के साथ उनकी कार्यशैली पर भी लोग अब सवाल उठा रहे हैं।
सोहेल मलिक ने कोतवाली थाने में चोरी की लिखित शिकायत की। उन्होंने पुलिस को बताया कि अपनी मां के साथ बड़े पिता के घर 3 दिन पहले गया था। शुक्रवार को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा है। घर लौटकर कमरों को देखा, तो अलमारी का लॉकर टूटा था और सोना-चांदी के गहने समेत नगदी 25 हजार गायब थे। सामान बिखरा था। अज्ञात चोरों ने करीब सवा लाख की चोरी की है।
शहर में बीते 5 दिन के अंदर चोरी की 3 घटना सामने आईं। तीनों चोरियां सूने मकान में हुई हैं। आशंका है कि चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले चोर रेकी कर रहे हैं। सूने मकानों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं रात्रि के समय सूनेपन का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इधर, लगातार बढ़ रही चोरी से पुलिस गश्त पर सवाल भी उठने लगे हैं। करीब 2 साल पहले शहर में चोरी की सिलसिलेवार घटना सामने आई थी।
