धमतरी में दिन का अधिकतम पारा 39 डिग्री पर पहुंचा अब 8वीं तक की कक्षाएं 7.30 बजे से होंगी संचालित
धमतरी में दिन का अधिकतम पारा 39 डिग्री पर पहुंचा अब 8वीं तक की कक्षाएं 7.30 बजे से होंगी संचालित

धमतरी/ गर्मी में सूरज की तपिश ने सभी वर्गों को बेचैन कर दिया है। 1 अप्रैल को सुबह 8 बजे से ही सूरत तपने के कारण दिन का अधिकतम पारा 39 डिग्री पहुंच गया। बच्चों के स्वास्थ्य और गर्मी को ध्यान में रखकर जिला शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों के संचालन का समय भी बदल दिया है। अब 8वीं कक्षा तक के स्कूल सुबह 11.30 बजे तक और हाई व हायर सेकंडरी स्कूल की कक्षा शाम 4.30 बजे तक संचालित होंगी।
31 मार्च को 38 डिग्री के साथ महीना बीत गया। वहीं 1 अप्रैल को पारा में 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 39 डिग्री दर्ज किया गया। धमतरी में तापमान बढ़ने के साथ ही राजस्थान से आ रही गर्म हवा के असर ने तपन बढ़ा दी है। जिले में गर्म हवा भी चल रही है। जिससे हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने 2 अप्रैल को भी पारे में वृद्धि होने की संभावना जताई है। ऐसे में अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान 40 डिग्री पार होने के संकेत है। इधर न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री पर पहुंच गया है। जिससे रात भी गर्म होने लगी है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी हवा के प्रभाव बढ़ने के कारण धमतरी सहित प्रदेश में 2 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है। 6 अप्रैल से वर्षा का दौर प्रारंभ होने के आसार हैं।
इस तरह संचालित होगी कक्षाएं शिक्षा विभाग धमतरी द्वारा कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जारी आदेश अनुसार पहली पाली में संचालित शासकीय व अशासकीय स्कूल सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक लगेंगी। वहीं 2 पॉलियों में संचालन पर प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्कूल की कक्षा सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक और हाई व हायर सेकंडरी स्कूल की कक्षा सुबह 11.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक लगेगी।
