धमतरी में चुनाव प्रचार में पहुंचे सीएम, कांग्रेस पर साधा निशाना
धमतरी में चुनाव प्रचार में पहुंचे सीएम, कांग्रेस पर साधा निशाना

धमतरी/नगरी: प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सभी वादे और जनहित के आपके सभी काम सांय-सांय हो रहे हैं, इसलिए कांग्रेस को सभी बाय-बाय कर रहे हैं। बीते दिनों जगदलपुर की महापौर ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं। अन्य बड़े लोग भाजपा में आना चाह रहे हैं। आप निश्चिंत रहे, लोकसभा चुनाव में आपका वोट भाजपा को मिलेगा, तो आपके अन्य सभी काम भी सांय-सांय होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की भाजपा सरकार के अब तक के कार्यों के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और योजनाओं को गिनाया। साथ ही कांग्रेस पर जमकर निशाना साध। साथ ही भूपेश बघेल पर महादेव सट्टा ऐप मामले में हुए एफआईआर का भी जिक्र कर कांग्रेस को हटाने और देश को विकसित बनाने लोगों से वोट मांगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 10 सालों में मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के ध्येय वाक्य को लेकर गरीब, गांव, किसान, मजदूर सभी वर्गों के लिए काम किया है।
सीएम का दायित्व संभालने के बाद विष्णुदेव साय रविवार को पहली बार नगरी पहुंचे। इस दौरान डुबान संघर्ष समिति ने डुबान क्षेत्र के अंतर की राशि की मांग के साथ अन्य समाज व संगठनों ने अपनी मांग रखी। इस मांग पर उचित कार्रवाई का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने भी भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग को जिताने के लिए कार्य करने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, सिहावा विधानसभा प्रभारी कमलचंद्र भंजदेव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, पिंकी शिवराज शाह, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस के साथ भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा प्रत्याशी भोजराज नाग ने कहा कि भाजपा ने पहली बार सिरहा बैगा को लोकसभा चुनाव में उतारा है।
